खरगोन। जिला मुख्यालय एवं नगरीय क्षेत्र खरगोन की यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पेयजल संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं खरगोन के विकास कार्यों को लेकर 07 सितंबर को सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधायक बालकृष्ण पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, अपर कलेक्टर रेखा राठौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आकाश सिंह, एसडीएम भास्कर गाचले, नगर पालिका अधिकारी एमआर निगवाल एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल ने बैठक में कहा कि खरगोन नगर के अवैध कॉलोनियों को शासन के नियमों के अनुसार वैध करने की कार्यवाही की जाए। खरगोन के बस स्टेण्ड को व्यवस्थित किया जाए। भवन निर्माण के लिए अनुज्ञा देते समय चार पहिया वाहन की पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर की जलावर्धन योजना का प्रभावी रूप से क्रियान्वयन किया जाए और सभी घरों तक नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध जल प्रदाय किया जाए। स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में डायलिसिस की सुविधा को बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। सोनोग्राफी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाए।
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र घेघांव में चिकित्सक की व्यवस्था करने एवं प्रसव वाले केन्द्रों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की व्यवस्था करने की आवश्यकता बताई।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने बैठक में कहा कि खरगोन नगर के विकास के लिए जो प्रोजेक्ट तैयार किए गए हैं, जनप्रतिनिधियों की सहमति से उन्हें धरातल में लाने का कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन का प्रयास होगा कि सभी प्रोजेक्ट समय सीमा में पूरे हो, जिससे खरगोन शहर के विकास को गति मिल सके।
बैठक में सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने खरगोन नगर की यातायात समस्या को लेकर प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि खरगोन नगर की मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण होने, पार्किंग जोन नहीं होने एवं सड़कों का चौड़ीकरण नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का अंदेशा रहता है। उन्होंने बताया कि टेमला फाटा, नवग्रह मंदिर, बावड़ी बस स्टैण्ड, गायत्री मंदिर तिराहा, आरती टॉकीज, पोस्ट ऑफिस चौराहा, कृष्णा टॉकीज वाला क्षेत्र, सराफा मार्केट, जिला चिकित्सालय के सामने से अतिक्रमण हटाने की आवश्यकता है।