बडवानी। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, बड़वानी के विभागाध्यक्ष तानिलाल ठाकुर के मार्गदर्शन में सीएम राइज स्कूल, तलवाड़ा बुजुर्ग में कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी राउंड) के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य 10वीं और 12वीं पास विद्यार्थियों को पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए जानकारी प्रदान करना था।
तानिलाल ठाकुर ने विद्यार्थियों को शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी में उपलब्ध विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कॉलेज में उपलब्ध सीटों की संख्या, प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक स्टाफ और आधुनिक संसाधनों की जानकारी साझा की। साथ ही, विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं और अन्य लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, जिससे वे तकनीकी शिक्षा के लिए प्रेरित हो सकें। ठाकुर ने कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में नौकरी, रोजगार, स्वरोजगार और एडवांस टेक्नोलॉजी की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में तकनीकी प्रगति के साथ सरकारी और निजी क्षेत्र में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं। साथ ही, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, और डेटा साइंस जैसी उन्नत तकनीकों के आने से स्वरोजगार और स्टार्टअप्स की असीम संभावनाएँ हैं।
कार्यक्रम में डिप्लोमा पूर्ण करने के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों पर भी प्रकाश डाला गया, जिसमें नौकरी के अवसर, स्वरोजगार और आगे की पढ़ाई के विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। ठाकुर ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का संदेश दिया और उनके सवालों के उत्तर देकर उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया।
सिविल इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष गौरव दाणे ने विद्यार्थियों को सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार, स्वरोजगार और भविष्य की संभावनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद सरकारी और निजी क्षेत्र में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं, साथ ही इस क्षेत्र में स्वरोजगार की भी असीम संभावनाएँ हैं। इसके अतिरिक्त, संजय परमार ने छात्रवृत्ति योजनाओं के बारे में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि कैसे छात्र मध्यप्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी शिक्षा के खर्च को कम कर सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं। डिप्लोमा कोर्स, विशेष रूप से कंप्यूटर साइंस और सिविल इंजीनियरिंग में प्रवेश के इच्छुक छात्र 10 सितंबर 2024 को प्रातः 12 बजे तक शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, बड़वानी में उपस्थित होकर सीएलसी राउंड में प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के नवल भोसले, सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।