भोपाल। अगर आप भोपाल से अन्य राज्यों के लिए रेल सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है। भोपाल रेल मंडल के कई स्टेशनों से गुजरने वाली 58 ट्रेनों को सितंबर और अक्टूबर में निरस्त किया गया है। 18 ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए हैं। 2 ट्रेनें आंशिक निरस्त हुई हैं। बता दें, भोपाल रेल मंडल के से प्रतिदिन 230 ट्रेनें रोजाना गुजरती हैं।
उत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे और झांसी मंडल में रेलवे के मेंटेनेंस कार्य हो रहे हैं। इसके चलते भोपाल रेल मंडल के मुख्य स्टेशनों से सफर करने वाले लाखों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
जहां एक तरफ यात्री निरस्त ट्रेनों के चलते अपनी यात्रा कैंसिल कर रहे हैं तो दूसरी तरफ शॉर्ट टर्मिनेटेड और रूट परिवर्तन के कारण भी कई यात्री यात्राओं को निरस्त कर रहे हैं।
भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों की मानें, तो इन दिनों उत्तर रेलवे के पलवल रेलवे स्टेशन पर मेंटेनेंस किया जाना है। यह कार्य पलवल और न्यू पृथला ( (डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) यार्ड के बीच रेल संपर्क के लिए किया जा रहा है। इसके कारण 12 ट्रेनों को निरस्त, 18 ट्रेनों के रूट भी परिवर्तित किए गए हैं। वहीं 2 ट्रेनों को आंशिक निरस्त भी किया गया है।
इसके अलावा दक्षिण मध्य रेल के विजयवाड़ा-काजीपेट-बल्लारशाह खंड में वारंगल, काजीपेट और हसनपर्थी रोड स्टेशनों के बीच चार रेल लाइनों के नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते भोपाल मंडल से गुजरने वाली 41 ट्रेनों को निरस्त करने का निर्णय लिया है।
यह ट्रेनें 21 सितंबर से लेकर 30 अक्टूबर तक निरस्त रहेंगी। भोपाल रेल मंडल के अधिकारियों के अनुसार यह सभी यात्री जिनकी ट्रेन निरस्त हुईं हैं, उनको नियमानुसार रिफंड दिया जाएगा।