रतलाम। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 10 सितंबर को किया जाएगा। इस संबंध में जिला स्तरीय उन्मुखीकरण बैठक का आयोजन जिला प्रशिक्षण केंद्र विरियाखेड़ी पर किया गया। बैठक में नोडल अधिकारी डॉ वर्षा कुरील ने बताया कि अभियान में 1 से 19 साल तक के सभी बच्चों को निजी और सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों पर एलबेंडाजोल की 400 एम जी की गोली खिलाई जाएगी। जो बच्चे 10 सितंबर को गोली से वंचित रहेंगे। उनको 13 सितंबर मॉप अप दिवस पर गोली खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 साल से 2 साल के बच्चों को आधी गोली चुरा करके साफ पानी के साथ और 2 साल से 19 साल के बच्चों को पूरी गोली साफ पानी के साथ चबाकर खिलाई जाएगी।
अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र पर 20 से 49 साल की सभी महिलाओं (गर्भवती और धात्री माताओं को छोड़कर) एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर कृमिनाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पेट में कृमि संक्रमण के कारण बच्चों को एनीमिया की समस्या के साथ-साथ पोषण संबंधी समस्या होती हैं। जिसके कारण थकावट रहती है और बच्चे का मानसिक और शारीरिक विकास नहीं हो पाता है, कृमि संक्रमण से बचाव के लिए नाखून साफ और छोटे रखें, खाना खाने से पहले और शौच जाने के बाद अपने हाथ साबुन से धोएं। खाना ढ़क कर रखे, हमेशा साफ पानी पिएं, फल और सब्जियों को साफ पानी से धोएं, अपने आसपास सफाई रखें, खुले में शौच न करें, हमेशा शौचालय का उपयोग करें, पैरों में जुते पहने। बैठक मे जिले के विभिन्न चिकित्सा अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।