नर्मदापुरम। कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देश पर जिले के विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों आंगनबाड़ी केन्द्रों छात्रावासों एवं आश्रम शालाओं एवं निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों का प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया।
वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के वासुदेव दवंडे, ने पिपरिया के ई सेवा केंद्र ग्राम पंचायत खेरा का निरीक्षण किया एवं माध्यमिक शाला खैरा में उन्होनें विद्यार्थियों को रोचक तरीके से गणित के सवाल समझाये। उन्होनें ग्राम खैरा में निर्माणाधीन नलजल योजना का निरीक्षण किया साथ ही बच्चो को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन को चौक किया। मध्यान्ह भोजन रुचिकर पाया गया। जिला आपूर्ति नियंत्रक अधिकारी ज्योति जैन सिंघई ने नर्मदापुरम के शासकीय कन्या उच्च.मा.वि. जुमेराती का निरीक्षण किया। उन्होनें मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची। बच्चों के बीच पहुंचकर बच्चों की शैक्षणिक योग्यता को परखा। स्कूल परिसर में कचरे के ढेर दिखने पर उन्होनें नाराजगी व्यक्त की और कचरा हटाकर परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिये। उन्होनें वार्ड 27 के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। केन्द्र में बच्चों को पर्याप्त पोषण आहार दिया जा रहा है।
जिला खनिज अधिकारी देवेश मरकाम ने शा कन्या उच्च मा वि सोहागपुर का निरीक्षण किया। वे स्कूल की प्रार्थना में शमिल हुए। बच्चों को प्रेरणादायी सीख दी एवं कक्षा में पहुंच कर छात्राओं को पाठ्य पुस्तक संबंधी प्रश्न पूछे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने ग्राम पंचायत सांवलखेडा एवं बेहराखेडी में स्कूलों एवं आंगनबाडी केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होनें पंचायत में संचालित ई केवायसी शिविरों का भी अवलोकन किया। ए.डी.ई.ओ राजेश गुप्ता ने ग्राम गूजरवाडा के आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। डीपीसी डॉ राजेश जैसवाल शासकीय कन्या उच्च 0मा0वि सूरजगंज का निरीक्षण किया। उन्होनें परिसर में स्वच्छता, छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने, माध्यमिक शाला के शौचालय की मरम्मत तथा एनएएस हेतु तैयारी करनें के निेर्देश दिये। उन्होने स्टैशनगंज शाला में अनुपयोगी कक्ष को जीर्ण शीर्ण घोषित करने के लिए इंजिनियर के माध्यम से प्रस्ताव तैयार कर लोक निर्माण विभाग को भेजने के निर्देश दिये। छात्राओं के साथ संवाद कर क्लास, कैंपस एवं कॉरीडोर स्वच्छ एवं सुदर बनाने के लिए प्रेरित किया।
जनपद पंचायत सोहागपुर के मुख्यकार्यपालन अधिकारी संजय अग्रवाल ने ईकेवायसी कैंप शोभापुर का निरीक्षण किया। प्राचार्य कन्या महाविद्यालय डॉ कामिनी जैन ने अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास नर्मदापुरम का निरीक्षण किया। छात्राओ को पढ़ लिखकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जनपद पंचायत सिवनी मालवा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रुति चौधरी ने ग्राम धमासा में प्रगतिरत नलजल योजना का निरीक्षण किया। गत दिवस जिला शिक्षा अधिकारी एसपीएस बिसेन ने सोमलवाडा के स्कूल का निरीक्षण कर खेल मैदान में खेल गतिविधि आयोजित करने के निर्देश दिये थे। अब स्कूल में खेल गतिविधियां प्रारंभ करा दी गई है। डीआरसीएस शिवम मिश्रा ने पिपरिया के ग्राम राईखेडी के हाई स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। जनपद पंचायत नर्मदापुरम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमन्त सूत्रकार ने ग्राम खेड़ला में स्थित नलजल योजना रेट्रो फिटिंग का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये।