रीवा। सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें वे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सांसद के इस बयान का विरोध शुरू कर दिया है।
वीडियो में सांसद जनार्दन मिश्रा कहते हुए नजर आ रहे हैं कि अगर आज शहर की सड़क में एक गड्ढा होता है तो अखबार की सुर्खियां बन जाती हैं। लेकिन कभी यहां की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे हुआ करते थे। तब यहां के नेता श्रीनिवास तिवारी हुआ करते थे। वे उस समय सर्वे-सर्वा माने जाते थे। जिनके लिए एक विशेष नारा भी दिया जाता था। इसके बाद सांसद ने वो नारा भी बोल कर सुनाया।
रीवा सांसद के इस बयान के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध शुरू कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरमीत सिंह मंगू ने वीडियो जारी किया है और बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी रीवा के ऐसे नेता है जिन्हें हर कोई आदर्श मानता है। हर दल के लोग उनका सम्मान करते हैं। लेकिन सांसद के इस बयान से स्वर्गीय श्रीनिवास तिवारी के समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। भाजपा के एक विधायक श्रीनिवास तिवारी के परिवार से हैं। इस बयान के बाद उनके दिल पर क्या बीत रही होगी। भाजपा विधायक को सांसद के इस बयान की शिकायत दिल्ली में पार्टी हाईकमान से करनी चाहिए। रीवा भाजपा में लोकसभा चुनाव के बाद अंदर खाने कुछ ठीक नहीं चल रहा है। श्रीनिवास तिवारी रीवा की जनता के लिए पूज्यनीय हैं।