शाजापुर। माह अगस्त में सेवानिवृत्त हुए 11 शासकीय सेवकों को आज समारोह पूर्वक पीपीओ वितरित किये गये। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग से सेवानिवृत्त हुई 07 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 12 सहायिकाओं को एक मुश्त सहायता राशि प्रदान करने के स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।
कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में संपन्न हुए समारोह में वरिष्ठ जिला कोषालय अधिकारी एवं जिला पेंशन अधिकारी जीएल गुवाटिया द्वारा पीपीओ एवं सहायता राशि स्वीकृति पत्र वितरित किये गये। गुवाटिया ने सेवानिवृत्त हुए सभी शासकीय सेवकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को शुभकामनाएं दी। गुवाटिया ने बताया कि अगली बार से प्रयास होगा कि सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों को उनके स्वत्वों का भी भुगतान साथ में हो जाए।
उल्लेखनीय है कि माह अगस्त में 18 शासकीय सेवक सेवानिवृत्त हुए हैं, जिनमें से 12 के पीपीओ जारी हो गये हैं, शेष 06 शासकीय सेवकों के प्रकरण कार्यालय प्रमुखों के यहां लंबित हैं। इसी तरह माह जुलाई- 2023 से माह अगस्त 2024 तक कुल 14 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं एवं 13 सहायिकाओं द्वारा 62 वर्ष की सेवा पूर्ण की गई। सेवा पूर्ण करने के पश्चात प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को 1 लाख 25 हजार एवं सहायिका को 1 लाख रूपये की राशि एकमुश्त कोषालय के माध्यम से जारी की गई। सभी सेवा पूर्ण करने वाली कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को आज स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।
सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों में आज कालुराम मालवीय, महेशचन्द्र बारबर, मांगीलाल मलसिया, हरिप्रसाद मालवीय, गीता देवी व्यास, लक्ष्मीनारायण नागर, रानी बड़ोदिया, ओमप्रकाश सक्सेना, मोहन सिंह, भगवानलाल शाक्य एवं विजय कुमार राठौर को शॉल-श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मानित कर पीपीओ भेंट किये गये। इसी तरह आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं में गीता चोरसिया, लीलाबाई, पुष्पलता दवे, शकुन्तला राठौर, गीता कराड़ा, कृष्णा वर्मा एवं कृष्णा कुंवर तथा सहायिकाओं में नर्मदाबाई, कालाबाई, सोरमबाई, राधाबाई, प्रेमबाई, राजल, लाड़कुंवरबाई, पुष्पा कुंभकार, लीलाबाई, सोनाबाई तथा गोकल बाई को एकमुश्त राशि स्वीकृति पत्र वितरित किये गये।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी नीलम चौहान, सहायक कोषालय अधिकारी भारत भूषण श्रीवास्तव, प्रशांत यादव व नरेन्द्र कुमार विजयावत, सहायक पेंशन अधिकारी किशोर पाटीदार सहित सेवानिवृत्त हुए शासकीय सेवक एवं उनके परिजन व विभागीय शासकीय सेवकगण उपस्थित थे।