विदिशा। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के द्वारा आहूत साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में अधिकांश आवेदनों का निराकरण हो रहा है। कलेक्टर स्वंय तमाम आवेदनों के निराकरणो की विभागवार पृथक-पृथक समीक्षा कर रहे है। जिसमें विगत जनसुनवाई के लंबित आवेदनों पर निराकरण की अद्यतन स्थिति से अधिकारी अवगत करा रहे हैं।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के द्वारा आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में खण्ड स्तरीय अधिकारी भी सीधे वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुडे रहते है और आवेदको के आवेदनों से अवगत होकर निराकरण की पहल कर रहे है।
कलेक्टर सिंह के द्वारा जनसुनवाई कार्यक्रम को और अधिक कारगर व सहज बनाने के लिए प्रमुख प्रवेश द्वार के पास ही नायब तहसीलदार सहित अन्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है जो आवेदको से संवाद कर रहे है और उन्हें जनसुनवाई कक्ष तक साथ में ले जाने का कार्य रहे है। वहीं दिव्यांगजनों को लाने ले जाने के उपयोग में आने वाली व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कलेक्टर सिंह के द्वारा आयोजित की गई जनसुनवाई कार्यक्रम में 127 आवेदकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत कर व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याआों की ओर ध्यान आकर्षित कराया है। कलेक्टर सिंह के द्वारा मौके पर 65 आवेदनोे का निराकरण किया गया है। कलेक्ट्रेट के भूतल कक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर संयुक्त कलेक्टर शशि मिश्रा, निकिता तिवारी, विनीत तिवारी, एसडीएम क्षितिज शर्मा, प्रभारी जिला पंचायत सीईओ समेत विभिन्न विभागो के जिलाधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने आज जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट में आवेदकों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना है। इस दौरान जनपद पंचायत नटेरन की ग्राम पंचायत बमूरिया के ग्राम फतेहपुर श्यामसी के दर्जन भर से ज्यादा सहरिया जनजाति परिवारों के सदस्यों ने अपनी समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया है। उन्होंने बताया कि उन्हें पीएम जनमन योजना तहत लाभ नहीं मिल पाया है।
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने आवेदकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही दूरभाष के माध्यम से संबंधित एसडीएम से संवाद कर वंचित रह गए सहरिया जनजाति परिवारों को पीएम जनमन योजना तहत लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा है कि सहरियाओं की समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए पीएम आवास सहित बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति कराएं तथा आधार कार्ड, ईकेवाईसी, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह को जनसुनवाई में पहुंचे दिव्यांग आवेदक पवन ने भी इलाज से संबंधित समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने दिव्यांग आवेदक को आश्वस्त कराते हुए इलाज के समुचित प्रबंध सुनिश्चित कराए जाने तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।