मुरैना। आज सिटी कोतवाली थाना प्रभारी आलोक परिहार को आवेदन देते हुए कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री जसवीर सिंह गुर्जर, राजेंद्र यादव, राम लखन दंडोतिया, पार्षद विजय दंडोतिया, राकेश गर्ग सहित अन्य लोगों ने बताया कि जसवीर सिंह गुर्जर के मोबाइल पर फर्जी सदस्य बनाने का मैसेज भेजा गया है, जबकि मेरी विचारधारा अलग है और कांग्रेस के पदाधिकारी के रूप में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। उन्होंने थाना प्रभारी को आवेदन देकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध मामला दर्ज करने की बात कही। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी मुरैना जिले में लोग जबरन सदस्य बनाए जाने से परेशान हैं। कई लोगों के मोबाइलों से बिना किसी सहमति के मिस्ड कॉल दे दिए जाते हैं और बाद में उन पर सदस्य बनने का मैसेज आ जाता है। भाजपा आखिर क्या करना चाहती है, क्या इसी फर्जी तरीके से टारगेट को पूरा किया जा रहा है, क्या इससे भाजपा के मंसूबे सफल हो पाएंगे, इसको लेकर लोगों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।