सेगांव। म.प्र.शिक्षक संघ ब्लाक व तहसील ईकाई ने आईएफएमआईएस पोर्टल पर सुधार करने के सम्बंध में आयुक्त कोष एवं लेखा के संबंध में शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
जिसमें शिक्षाकर्मी,संविदा शिक्षक जिन्हें बाद में अध्यापक संवर्ग एवं वर्तमान में नवीन शिक्षक संवर्ग कहा गया है। प्रथम नियुक्ति के समय यह स्थानीय निकाय यथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं शहरी विकास विभाग के तहत प्रदेश की स्कूलों में नियुक्त किये गये थे।
दिनांक 1 जुलाई 2018 को म.प्र. शासन के महत्वपूर्ण निर्णय में इन्हें शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग में संविलियन किया गया। क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान के लाभ के लिए इनकी पूर्व सेवाओ यथा स्थानीय निकायों में नियुक्ति से गणना की जा रही है। लेकिन वर्तमान में वेतन पोर्टल पर प्रथम नियुक्ति तिथि 1 जुलाई 2018 अंकित की गई है। जबकि इनकी वास्तविक नियुक्ति तिथि इससे भिन्न होकर 15 से 20 वर्ष पूर्व की है। तदनुसार पूर्व की सेवाओ की गणना शून्य हो गई है।
अतः इनकी पूर्व विभाग में की गई सेवाओ को शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग में स्थानांतरित करने हेतु इनके द्वारा दिए गए अभ्यावेदन का निराकरण करते हुए संविलित मूल विभाग में पूर्वं की प्रथम नियुक्ति तिथि वेतन पोर्टल पर दर्ज करने हेतु निर्देशित करने हेतु ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें गिरधारी चौहान,हिरदाराम चौहान, राधेश्याम चौहान, संतोष यादव, भगवान पाटीदार,कडवा पाटीदार,राधेश्याम बड़बोले,जगन्नाथ डावर,जयेन्द्र राठौड़, शैलेन्द्र मंडलोई आदि शिक्षक उपस्थित थे।