इंदौर। शहर की पहली डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस शनिवार देर रात मुंबई से इंदौर पहुंची। 9 मीटर लंबी और 15 फीट ऊंची इस बस में एक साथ 65 यात्री (ऊपर 36, नीचे 29) सफर कर सकेंगे। शुरुआत में डबल डेकर बसों से शहर के दर्शनीय स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। बस की कीमत करीब 2 करोड़ रूपए है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार से बस का ट्रायल रन शुरू होगा। र्ट्रायल रन पूरा होने के बाद यह बस यात्रियों के लिए शुरू कर दी जाएगी। एआईसीटीएसएल प्रबंधन के मुताबिक प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के के तहत शुरुआत में 1 बस इंदौर पहुंची है। आगे 10 और बस आएंगी। 30 दिनों के ट्रायल के बाद बस को आम जनों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल बस का किराया तय नहीं हुआ है। एआईसीटीएसएल प्रबंधन जल्द ही रूट और किराए तय करेगा।
बस को सिटी में चलाने के लिए एआईसीटीएसएल प्रबंधन द्वारा सर्वे किया गया है। सर्वे में सामने आया है कि ये बसें सिर्फ बड़े और चौड़े मार्गों पर ही चल पाएंगी, क्योंकि संकरे मार्गों पर ज्यादा ऊंचाई होने से ट्रैफिक सिग्नल, बिजली के तार सहित कई अड़चनों के कारण इनका संचालन संभव नहीं हो पाएगा। यह बसें लग्जरी बसों की तरह है, साथ ही कई आधुनिक सुविधाओं से लैस होने के साथ काफी आरामदायक भी हैं।