देवास। रसलपुर बायपास मार्ग स्थित ट्रांसपोर्ट नगर के समीप ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बने अतिक्रमण को लेकर प्रशासन और नगर निगम ने आज सुबह बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 6 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में तहसीलदार सपना शर्मा सहित निगम ओर प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया की लंबे समय से ट्रांसपोर्ट नगर के आसपास ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध निर्माण हो रहे थे, जिन्हें हटाने के लिए कई बार चेतावनी भी दी गई थी। बावजूद इसके, अतिक्रमणकर्ताओं ने अवैध निर्माण जारी रखा, जिसके बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया। कार्यवाही के दौरान बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात था, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटा जा सके। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान का हिस्सा है, और आगे भी अवैध निर्माणों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने सभी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी है कि वे स्वेच्छा से अवैध कब्जों को हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।