इंदौर। खाद्य विभाग ने जवाहर टेकरी स्थित एक अनाज के गोदाम पर छापेमारी की। टीम ने यहां से 455 बोरी चावल और 100 बोरी गेहूं बरामद किया है। इसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत वितरित किए जाने वाले चावल की कई बोरियां शामिल हैं। विभाग ने गोदाम भी सील किया है।
हिंदू महासभा के कार्यकर्ता ने दी थी सूचना
हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने विभाग को सूचना दी थी। इसके बाद शनिवार शाम को फूड कंट्रोलर एम मारू की टीम ने वहां जांच की। यहां मौके पर कर्ताधर्ता अनवर हुसैन और आसिफ उपस्थित हुए। उन्होंने राजेश पहाड़िया की फर्म खुशी ट्रेडिंग कंपनी 928 सुदामा नगर का चावल होना बताया।
450 बोरियां पीडीएस चावल की मिली
गोदाम में 450 बोरियां पीडीएस के फोर्टीफिएड चावल की पाई गई। इसका कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। साथ ही 5 बोरिया ( प्रति बोरी 40 किलो) के मोगरा बासमती चावल भी पाया गया। इसका बिल प्रस्तुत किया।
अनवर हुसैन और आसिफ ने चावल को लेकर कोई वैध बिल प्रस्तुत नहीं किया है। ऐसे में फोर्टिफाइड चावल और बिना बिल का गेहूं पीडीएस का होने की शंका में जब्त किया गया। दोनों के विरुद्ध आवश्यक प्रस्तुति अधिनियम की धारा 3,7 के तहत केस दर्ज किया है।