नीमच। शहर के सीआरपीएफ स्थित त्रिगंजा पार्क में पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम का आयोजन शहीद स्मारक स्थल पर किया गया। कार्यक्रम में ग्रुप केंद्र नीमच के डीआईजी एसएलसी खूप मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने इस विशेष दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुये बताया कि 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख, जम्मू-कश्मीर के हॉट स्प्रिंग नामक स्थान पर चीनी फौज ने सीआरपीफ की एक पेट्रोलिंग टुकडी पर घात लगाकर हमला किया था, जिसे संख्या बल में बहुत कम होते हुए भी हमारे बहादुर जवानों ने बहुत बड़ी चीनी सेना का बहादुरी के साथ मुंह तोड़ जवाब देकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका। इस आक्रमण में सीआरपीफ के 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। अमर वीर शहीदों के बलिदान की पावन स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश के राज्य पुलिस बल तथा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस द्वारा यह दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर डीआईजी एसएलसी खूप ने वर्ष 2024 में सीआरपीएफ के शहीद वीर जवानों के नामों का वाचन किया। बैण्ड की धुन के साथ पुष्पचक्र अर्पित किए गए। शीश झुकाकर मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंत में केसरी तेरी मिट्टी में मिल जायें और वतन की राह में वतन के नौजवां शहीद हो की मधुर ध्वनि के साथ कार्यक्रम समापन्न हुआ। इस मौके पर आरटीसी के डीआईजी अनमोल सूद, रेंज नीमच के डीआईजी राम कृष्ण, सीटीसी के कमांडेंट वेद प्रकाश, प्रथम बटालियन के कमांडेंट विजय कुमार सहित स्टेशन स्थित सभी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवानों ने जांबाज शहीदों की शहादत को शत-शत नमन किया।