मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागृह में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि , सोयाबीन उपार्जन के लिए किसान सत्यापन का कार्य आगामी दो दिवस में शत प्रतिशत पूर्ण करें। 25 अक्टूबर से सोयाबीन खरीदी का कार्य शुरू होगा। सोयाबीन खरीदी में किसानों को कोई समस्या न हो इस बात का विशेष ध्यान रखें। आगामी 24 अक्टूबर से सोयाबीन खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग का कार्य शुरू होगा। सोयाबीन खरीदी के दौरान गुणवत्ता चेक करने के लिए कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करें। सभी एसडीएम किसान सत्यापन के कार्य की लगातार समीक्षा करें। सीतामऊ एसडीएम बसई क्षेत्र में उद्योगपतियों के साथ एक बैठक आयोजित करें तथा बसई क्षेत्र में उद्योग स्थापना की प्रगति की समीक्षा करें। औद्योगिक क्षेत्र में भूमि आवंटन संबंधित मामले का तुरंत निराकरण करें। पीएचई विभाग ग्राम पंचायत में पेयजल योजना के संपूर्ण कार्य पूर्ण होने के बाद ही पंचायत को सुपुर्द करें। अधूरे कार्य करके पंचायत को सुपुर्द न करें। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद थे।