भोपाल। अक्टूबर महीना खत्म होने से पहले मध्यप्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। सुबह और शाम में गुलाबी ठंड की शुरुआत हो गई है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन में रात का टेम्प्रेचर 20 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं ग्वालियर समेत दूसरे शहरों में पारा लुढ़ककर 18-19 डिग्री के बीच आ गया है।
पंचमढ़ी में बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार पचमढ़ी में दिन-रात दोनों ही समय सबसे ठंडा रहा है। इस हफ्ते प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवा से तापमान में अधिक गिरावट नहीं हुई है। प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 37.9 डिग्री दर्ज किया गया है।
एक साथ 3 सिस्टम एक्टिव
अरब सागर में बने सिस्टम की वजह से अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी आ सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल तीन मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। लेकिन मध्य प्रदेश पर इनका असर कम रहेगा। उत्तरी अंडमान पर बना कम दबाव का क्षेत्र 24-25 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश को प्रभावित कर सकता है।