इंदौर। मध्य प्रदेश में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला इंदौर के गांधीनगर थाना क्षेत्र के हिंगोनिया गांव का है। जहां बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते महिला किसान की 15 लाख की सोयाबीन फसल में आग लगा दी। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
बदमाशों ने महिला किसान गीता बाई की 15 लाख की सोयाबीन फसल को आग के हवाले कर दिया। महिला ने फसल काटकर घानी के लिए रखी थी, लेकिन आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर फसल में आग लगा दी। घटना के दौरान बदमाशों ने चेतावनी दी कि अगर कोई आग बुझाने आया तो उसे भी जिंदा जला दिया जाएगा।
इससे पहले भी आरोपियों ने गीता बाई के घर में तोड़फोड़ की थी। गीता बाई की शिकायत पर शिवनारायण देवकरण और राजेश राधेश्याम के खिलाफ गांधीनगर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया है, वहीं पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।