नीमच। जिले में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पर संयुक्त विभाग पेंशनर संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में जिले की अलग-अलग स्थानों से आए विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्ति कर्मचारी अधिकारी पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय के बाहर मप्र राज्य पुनर्गठन आयोग-2000 की धारा 49/6 की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
दरसल संयुक्त विभाग पेंशनर संघ की मांग है कि सभी विभागों के पेंशनरो की महंगाई राहत भत्ते में वृद्धि की जाए और समय पर दिया जाए। मगर मध्य प्रदेश सरकार, मध्य प्रदेश राज्य पुनर्गठन आयोग 2000 की धारा 49/6 की आड़ लेकर सभी पेंशनरों को महंगाई राहत नही दी जा रही है। जबकि अब छत्तीसगढ़ में भी अब भाजपा की सरकार है दोनों सरकारें आपस में तालमेल बैठाकर जल्द फैसला ले सकती है। हालांकि, ऐसा नहीं किया जा रहा है। जिससे पेंशनरों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
इसी मांग को लेकर पिछले 16 दिनों से संयुक्त विभाग पेंशनर संघ के बैनर तले सेवानिवृत कर्मचारी आंदोलन रत है। बावजूद इसके सरकार उनकी मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही है। ऐसे में मंगलवार को संयुक्त विभाग पेंशनर संघ के द्वारा कलेक्टर कार्यालय के बाहर मप्र राज्य पुनर्गठन आयोग-2000 की धारा 49/6 की प्रति जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। पेंशनरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं होगा वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।
अध्यक्ष संयुक्त विभाग पेंशनर संघ बालचन्द्र वर्मा ने कहा- 16 दिन से आंदोलित हैं। सरकार हमारी मांगों की ओर ध्यान नहीं दे रही। आज हमने मध्य प्रदेश राज्य पुनर्गठन आयोग 2000 की धारा 49/6 की प्रति जलाकर विरोध प्रदर्शन किया है।