कुकड़ेश्वर। आज नगर कुकड़ेश्वर में प्रशासन द्वारा हाई सेकेंडरी स्कूल के सामने अवैध रूप से स्थापित गुमटियां, हाथ ठेले, और अन्य अतिक्रमणों को हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। शिक्षा विभाग ने भी स्कूल के बाहर हो रहे इन अवैध अतिक्रमणों को हटाने की मांग की थी, क्योंकि तंबाकू, गुटखा आदि की गुमटियों का बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ रहा था। इस संबंध में कलेक्टर द्वारा विशेष निर्देश भी दिए गए थे।
अवैध गुमटियों और ठेलों के कारण आवागमन में भी आए दिन बाधाएं उत्पन्न हो रही थीं, जिससे स्थानीय लोग परेशान थे। शिक्षा विभाग की मांग को ध्यान में रखते हुए, आज तहसीलदार नवीन सालोत्रे, थाना प्रभारी राधेश्याम दांगी, नगर परिषद के सीएमओ कमल सिंह परमार और नगर पालिका की पूरी टीम ने मिलकर इस अतिक्रमण को हटाया। इस मुहिम से नगर में स्वच्छता और सुचारू यातायात सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई की नगरवासियों ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।