नीमच। अघोषित विद्युत कटौती की शिकायत आम होती जा रही है। त्योहार के दिनों में इस तरह की अघोषित कटौती से विद्युत उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। नीमच के रिहायशी इलाके हुड़को कालोनी में आज करीब साढ़े छह घंटे बिजली गुल रही। जिससे रहवासियों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
परेशान लोगों का कहना था कि दीपावली का त्यौहार नजदीक है। घरों में अनेक तरह के काम करने पड़ रहे हैं। हुड़कों कालोनी के निवासियों का कहना था कि विद्युत विभाग द्वारा सुबह 7.00 बजे से 10.00 बजे तक कटौती की घोषणा की गई थी। जबकि दिन में डेढ़ बजे तक लाइट का अता-पता नहीं है। अघोषित रुप से घंटों विद्युत कटौती की जा रही है। विद्युत उपभोक्ताओं ने यह भी कहा कि हमारे द्वारा जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों को शिकायत की गई। कुछ लोगों ने फोन ही नहीं उठाया और जिनसे बात हो पाई उनकी ओर से कोई उचित समाधान नहीं मिला।
दिवाली के मेंटेनेंस के नाम पर जितने समय विद्युत कटौती की घोषणा की जा रही है, उतने ही समय के लिए बिजली की सप्लाई रुके, वहां तक तो ठीक है। लेकिन 3 घंटे की बजाय साढ़े छह घंटे बिजली की सप्लाई बाधित हो जाना,यह विभाग की व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है। विद्युत विभाग के जिम्मेदारों को इस ओर ध्यान देना चाहिए।