नीमच। शहर में दीपावली का बाजार दशहरा मैदान में उद्देश्य के अनुरूप सजे और सभी का व्यवसाय परवान चढ़े, यह उद्देश्य लेकर जिला प्रशासन, यातायात विभाग और नगर पालिका लगातार जद्दोजहद कर रहा है। यातायात, पार्किंग की व्यवस्था बनाने के लिए लगातार कोशिश की जा रही है। शहर की सारी अस्थाई दुकानें एक स्थान पर यानी दशहरा मैदान में लगे, इसके लिए प्रशासन मुस्तैदी से कमर कसे हुए हैं।
दीपावली के त्यौहार में खरीदारी के लिए शहर के मुख्य बाजारों में भारी भीड़ इकट्ठा होती है इसे लेकर प्रशासन व्यवस्था बनाने के लिए अलर्ट होकर जुटा हुआ है। आज भी एसडीम ममता खेड़े,थाना प्रभारी पुष्पा चौहान, यातायात प्रभारी उर्मिला चौहान ने सड़कों पर उतरकर स्थाई व्यापारियों से चर्चा कर दुकानों के बाहर रखा समान हटवाया। छुटपुट लगी अस्थाई दुकानदारों को दशहरा मैदान में दुकान लगाने के लिए प्रेरित किया। दुकानदारों को हिदायत दी गई थी उनके पास जिस प्रकार के सामान को बेचने का लाइसेंस है, वही सामान दुकानों पर रखें। इधर दशहरा मैदान में अस्थाई दुकानों को लेकर त्योहारी बाजार सजाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी है।