इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान श्संगठन पर्वश् में देशभर में नंबर वन पर आने वाले इंदौर के जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सक्रियता सदस्यता लेना शुरू कर दिया है। इंदौर नगर अध्यक्ष गौरव रणदीवे, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला और विधायक गोलू शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधी पार्टी की सक्रिय सदस्यता अब तक ले चुके है। इंदौर 2 के विधायक रमेश मेंदोला ने भी पार्टी की सक्रिय सदस्यता ग्रहण की है। सक्रिय सदस्यता लेने के दौरान मेंदोला ने कहा कि हमारी पहचान संगठन से ही है। संगठन को मजबूत करना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और वह भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे। भाजपा का सदस्य बनना देश के मन और देश की आत्मा से जुड़ने जैसा है। सदस्यता प्रभारी सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि हमारे जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही इंदौर सदस्यता अभियान में देश में नंबर 1 आया है। वहीं सदस्यता अभियान टोली के सदस्यों ने बताया कि रमेश मेंदोला ने सदस्यता अभियान में विधायकों की सूची में देशभर में सबसे ज्यादा सदस्य बनाए है।