भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऐतिहासिक जगह भी सुरक्षित नहीं है, ऐसा हम इसलिए कह रहे है। क्योंकि यहां प्राचीन संग्रहालय में चोरों के द्वारा सेंधमारी की जा रही है। राज्य संग्रहालय के बाद अब चोरों ने गोलघर को अपना निशाना बनाया है। यहां आकाशीय बिजली से बचाने के लिए लगाई गई तांबे के कीमती केबल पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।
दरअसल इन दिनों गोलघर संग्रहालय का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान पीछे के रास्ते से चोरों ने संग्रहालय के बाहर परिसर में प्रवेश किया और तांबे की कीमती केबल को चुरा लिया। यह केबल तड़िक चालक यंत्र में लगी हुई थी, जो संग्रहालय को आकाशीय बिजली से बचाती है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने तड़ित चालक यंत्र को संग्रहालय की सुरक्षा के लिए लगाया था।
गोलघर में नवाबों के इतिहास की जानकारी आसानी से मिल जाती है। वहीं प्राचीन बर्तन और उपयोग में आने वाली कई वस्तुएं भी यहां देखने को मिलती है। प्राचीन संग्रहालय में चोरी का यह कोई पहला मामला नहीं है, बीते दिनों राज्य संग्रहालय में करोड़ो के प्राचीन सिक्के चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था। अब गोलघर संग्रहालय में चोरों ने सेंधमारी की है।