भोपाल। रीवा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात ने हर किसी का दिल दहला दिया है। भयावह घटना को लेकर जीतू पटवारी ने सरकार की जमकर आलोचना की है। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव को गृह विभाग की जगह जंगलराज विभाग बनाने की सलाह दे दी।
गृह विभाग बचा ही नहीं
जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा के दौरान बयान दिया जिसमें उन्होंने कहा, हर दिन 18-20 बेटियों का मध्य प्रदेश में रेप हो रहा है। चिल्ला-चिल्लाकर, अभियान चलाकर कांग्रेस पार्टी विपक्ष का दायित्व निभा रही है। रीवा में इन्वेस्टर मीट थी। पति को पेड़ से बांधकर, उसके सामने पत्नी से बलात्कार किया गया। यह जंगलराज नहीं तो क्या है? गृह विभाग बचा ही नहीं है।
जंगलराज विभाग बनाना चाहिए
जीतू पटवारी ने आगे कहा कि एमपी में अपराध सबसे ज्यादा, नशा, चोरी-डकैती, फ्रॉड, बेटियों से बलात्कार सबसे ज्यादा, उनका अपहरण सबसे ज्यादा हो रहा है। अगर यह सब खराब हो गए तो गृह विभाग गिर गया है। मुख्यमंत्री को गृह विभाग की जगह ‘जंगलराज विभाग’ बनाना चाहिए।
पति के साथ पिकनिक मनाने गई महिला से 5 हैवानों ने किया था रेप
सोमवार को युवा दंपति पिकनिक मनाने के लिए भैरव बाबा क्षेत्र गया हुआ था। इसी दौरान शराब के नशे में 5 युवक वहां पहुंचे और उनसे विवाद किया। इसके बाद मारपीट कर पति को पेड़ से बांध दिया और पत्नी से दरिंदगी की। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया। साथ ही धमकी भी दी कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो वे इसे वायरल कर देंगे। सभी आरोपी और पीड़ित पति-पत्नी गुढ़ थाना क्षेत्र के भीटी गांव के रहने वाले हैं।