नीमच। जिले की ग्राम पंचायत में कार्यरत नल चालक और भृत्यों को कई वर्षों से वेतन नहीं मिला है। आदेश जारी के होने के बावजूद न्यूनतम वेतन लागू नहीं किया गया है। जिसे लेकर आक्रोशित नल चालक और भृत्यों ने आज कलेक्टर कार्यालय पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम सेंट्रल ऑफ इंडिया ट्रेड यूनियन सीटू की नीमच जिला शाखा के बैनर तले ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मार्च 2024 में न्यूनतम वेतन पुनः निरीक्षण कर नया न्यूनतम वेतन लागू करने संबंधित आदेश जारी किया गया था। लेकिन आदेश की पालना नहीं होने से मध्य प्रदेश के 25 लाख मजदूर जिनमें नल चालक, ठेका मजदूर, आउटसोर्सिंग पर काम करने वाले व औद्योगिक मजदूर, दैनिक वेतन भोगी और निर्माण मजदूरों में भारी असंतोष है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिले की ग्राम पंचायत में कार्यरत नल चालक और भृत्य पिछले 30 वर्षों से कार्य करने के पश्चात भी न्यूनतम वेतन से वंचित है। ज्ञापन में मांग की गई है कि नल चालक और भृत्यों को दीपावली पूर्व मध्य प्रदेश सरकार के अन्य कर्मचारियों की भर्ती वेतन का भुगतान किया जाए। इनका नियमितीकरण किया जाए। ज्ञापन के माध्यम से इस पूरे तबके को शीघ्र अति शीघ्र पुनर्निक्षित वेतन एरियर सहित देने की मांग भी की गई है।