रतलाम। जिले में लगातार हो रही चोरियों को रोकने में नाकाम पुलिस अब कबाड़खानों की जांच कर रही है। पुलिस कबाड़खानों में जाकर कबाड़ गोदामों के संचालक को हिदायत दे रही है कि चोरी का सामान नहीं खरीदे। अगर कोई ऐसा कोई संदिग्ध आता है तो हमें सूचना दें। पुलिस चोरी के सामान बेचने व खरीदने वालों पर नजर रख रही है।
रतलाम एसपी अमित कुमार द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में चोरी के समान बेचने व खरीदने वालों पर निगरानी रखने को कहा है। साथ ही संदिग्धों की तलाशी और कबाड़खानों आदि की चेकिंग करने व कबाड़ा व्यवसायियों के साथ बैठक कर समझाइश देने को कहा है।
इसी कड़ी में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र वीडी जोशी के नेतृत्व में थाने की टीम गठित कर थाना क्षेत्र के कबाड़खाना एवं गोदामों की चेकिंग की। पुलिस टीम द्वारा विरीयाखेड़ी में मोहम्मद शकूर, छोटू शाह, मोहम्मद आजाद तथा मोहन नगर में मुबारिक खान, बालाजी टाऊन शिप में सलमान, निशार, अहमद, इंडस्ट्रियल एरिया में कबाड़खाना एवं गोडाउन की चेकिंग की।
रजिस्टर में लिखना होंगे नाम
कबाड़खाना मालिकों को समझाइश दी कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध या चोरी का समान नहीं खरीदे। समान बेचने वाले लोगों की जानकारी एक रजिस्टर में रिकॉर्ड रखे। समान बेचने वाले का नाम पता आदि का विवरण रजिस्टर में होना चाहिए। संदिग्ध द्वारा सामान बेचने आने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाने देना होगी।
साथ ही कबाड़खाने पर काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी थाने पर देना को कहा। हर सप्ताह पुलिस द्वारा कबाड़खाने की आकस्मिक चेकिंग भी की जाएगी। यदि कोई भी कबाड़खाने पर चोरी का सामान खरीदने, बेचना पाए जाने पर कबाड़ा व्यवसायी के खिलाफ की कार्रवाई की जाएगी।