अशोकनगर। मक्का, धान सहित अन्य फसलों की नरवाई ना जलाने के लिए किसानों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने वाहन को रवाना किया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय से कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन सहित कृषि अधिकारी केएस कैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके माध्यम से गांव-गांव जाकर धान एवं मक्का की नरवाई ना जलाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
किसानों को जागरूक करने के लिए रवाना किए गए वाहन में एक ऑडियो क्लिप बजाई जाएगी। जिसके माध्यम से फसलों की नरवाई में आग लगने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा। अगली फसल को नरवाई जलाने के कारण नुकसान होता है, साथ ही प्रदूषण के कारण सेहत पर भी काफी असर पड़ता है।
दरअसल, जिले में इस समय खरीफ सीजन की फसलों की कटाई हो गई है। जबकि किसान अपने खेतों को रवि सीजन की फसलों की बुवाई करने के लिए तैयार कर रहे हैं। ऐसे में मक्का की फसलों के डंठल खेतों में पड़े रहते हैं जिनमें किसान आग लगा देते हैं। जिससे किसानों की अगली फसलों पर काफी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।