देवास। पीएम आवास योजना के तहत लॉटरी का कार्यक्रम शुक्रवार को अचानक रद्द कर दिया गया। नगर निगम ने कई हितग्राहियों को फोन करके आमंत्रित किया था। मल्हार स्मृति मंदिर में लोग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, लेकिन उन्हें बताया गया कि लॉटरी रद्द हो गई है। हालांकि निगम के कर्मचारियों ने गेट पर एक नोटिस भी चस्पा किया था, जिस पर कार्यक्रम कैंसिल होने की बात लिखी गई थी। हितग्राहियों ने कहा कि नगर निगम से फोन आने के बाद उन्होंने अपना काम छोड़ा और यहां आईं। उन्हें कार्यक्रम रद्द होने की कोई सूचना नहीं मिली, जिससे वे परेशान हो गईं। उन्होंने इसे नगर निगम की बड़ी लापरवाही बताया।
नगर निगम के अधिकारियों ने कहा कि कुछ कारणों से कार्यक्रम रद्द किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 67 मकानों के आवंटन के लिए कुल 999 आवेदन प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा सभी आवेदकों को सूचित करने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ तक सूचना नहीं पहुंची। गेट पर एक नोटिस भी चस्पा किया गया था जिसमें कार्यक्रम के रद्द होने की जानकारी थी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
मामले में पार्षद अजय तोमर द्वारा बताया गया कि महापौर, निगम कमिश्नर और जनप्रतिनिधियों ने यह निर्णय लिया है कि जितने नाम लॉटरी में आवेदन किए गए हैं उनकी जांच की जाए की कोई अपात्र तो नहीं है जो पात्र होंगे उनके नाम की लॉटरी डाली जाएगी साथ ही पूर्व में जो आवास योजना के मकान दिए गए हैं उसमें पात्र व्यक्ति रह रहे हैं या नहीं अगर अपात्र पाए गए तो उनसे भी उक्त मकान खाली कराए जाएंगे इसलिए आज आवास योजना की लॉटरी का कार्यक्रम स्थापित किया गया।