नर्मदापुरम। दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने नर्मदापुरम बस स्टैंड में एक बस से 300 किलो नकली मावा जब्त किया है। मावा भोपाल से नर्मदापुरम के भौंरा के लिए बुक किया गया था। टीम ने रात करीब 9: 30 बजे के आसपास कार्रवाई शुरू की थी जो रात 11 बजे तक चली। दिवाली से पहले इतनी बड़ी मात्रा में नकली मावा मिलना चिंताजनक है।
एसडीएम नीता कोरी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि यात्री बस में भारी मात्रा में मावा रखा है। टीम ने बस स्टैंड पहुंचकर संबंधित बस की चेकिंग की। कुल 10 बोरियां जब्त की गई हैं। हर बोरी का वजन 30 किलो है। एक बोरी में 10-10 किलो के तीन पैकेट रखे हुए मिले।
फूड सेफ्टी विभाग ने मावे के सैंपल जांच के लिए रख लिए हैं। बाकी मावा कोल्ड स्टोरेज में रखने के लिए भेज दिया गया है। मावा जिसने भी बुक किया था उसका कॉन्टैक्ट नंबर कंडक्टर के पास से मिला है। कॉल करने पर उसने कॉल कट कर दिया।
पाम ऑयल, शक्कर, रंग चढ़ा हुआ है नकली मावा
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार ने बताया कि मावा मिलावटी है। इसमें वनस्पति तेल, पाम ऑयल, शक्कर और रंग का उपयोग किया है। व्यापारी इस मावे को हल्का गर्म और ठंडा करके मिठाई बनाते हैं और इसे शुद्ध मावे के नाम पर बेचते हैं, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हो सकता है। नर्मदापुरम, भोपाल, बैतूल में जिन दुकानों पर इसकी सप्लाई होती है, इसके बार में पता लगाया जा रहा है।
श्रीकृष्ण स्वीट्स गुजरात का ब्रांड
पैकेजिंग पर श्री कृष्ण स्वीट्स दहेग्राम जिला गांधीनगर गुजरात की मैन्युफैक्चरिंग का जिक्र है। 23 और 24 अक्टूबर की पैकिंग तारीख लिखी हुई है। मावा माइनस 10 डिग्री में 6 महीने तक बिना सड़े रह सकता है, ऐसा भी जिक्र है।
भौंरा के बीकानेर स्वीट्स के होने की संभावना
अधिकारी ने बताया कि बस में भोपाल के किसी व्यापारी ने भौंरा के लिए मावे की डाक रखवाई थी। कंडक्टर के पास रिसीव करने वाले का नंबर था। कॉल करने पर बताया कि मावा मिठाई पकड़ाई है, कहां से बुलाई और किसकी है, ये सुनते ही उसने कॉल कट कर दिया।
ट्रूकॉलर एप पर नंबर बीकानेर स्वीट्स के नाम से आ रहा है। मामले में जांच कर रहे हैं। हमने अलग अलग सैंपल ले लिए हैं। बाकी मावा कोल्ड स्टोरेज में रखवा दिया है। सैंपल भोपाल लैब में जांच के लिए भेजे जाएंगे। 15 दिन बाद रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।
मिठाई खरीदते समय शुद्धता की जांच करें
खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनता को सलाह दी है मिठाई खरीदते समय शुद्धता की जांच अवश्य करें। विभाग द्वारा तत्काल जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिससे संदेह होने पर सीधे संपर्क किया जा सकता है।
550 किलो मावे के मालिक का पता नहीं लगा पाए अफसर
नर्मदापुरम के फूड सेफ्टी ऑफिसर ने सोहागपुर में मंगलवार को शंकर मंदिर के पास से एक लोडिंग ऑटो से 550 किलो मावा पकड़ा था। मामले को तीन दिन हो चुके हैं। लेकिन अब तक फूड सेफ्टी ऑफिसर बड़ी मात्रा मावा कहां से आया था और किस दुकान पर खपाने के लिए जा रहा था इसका पता नहीं लगा पाए हैं।