ग्वालियर। मध्य प्रदेश में क्राइम कंट्रोल करने के लिए पब्लिक पार्टिसिपेशन का बहुत अच्छा उदाहरण ग्वालियर में देखने को मिला है। यहां प्रदेश का पहला ऐसा थाना सामने आया है, जो दिवाली से पहले हाईटेक सुरक्षा से लैस हो गया हैं। जन सहयोग से यहां 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। जिसके जरिये थाना क्षेत्र की हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा रही है।
अलग से सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया
हम बात कर रहे हैं ग्वालियर जिले के मुरार थाने की, जहां थाने परिसर में एक अलग से सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया हैं। यहां से थाना क्षेत्र के सभी चौराहों और मुख्य बाजार की हर गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। मुरार थाना क्षेत्र में व्यापारियों, समाजसेवियों के जन सहयोग से लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। जिनमें से मुख्य 50 सीसीटीवी कैमरे की 24 घंटे निगरानी थाना परिसर में बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से की जा रही हैं ताकि कोई भी घटना न हो सकें।
ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने कही ये बात
ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि हाल ही में ग्वालियर के मुरार क्षेत्र में क्राइम का ग्राफ बड़ा था, जिसे कंट्रोल करने के लिए पुलिस और स्थानीय समाज से भी व्यापारियों के साथ चर्चा की गई थी। जहां जन सहयोग से आगे बढ़ते हुए सीसीटीवी कैमरे लगना तय किया गया। इसके जरिए छिटपुट घटनाओं सहित बड़ी घटनाओं में काफी मदद मिली। मुरार थाना क्षेत्र में किए गए इस प्रयोग के बाद अब ग्वालियर शहर के अन्य इलाकों में भी यह प्रयोग करने की योजना तैयार की जा रही है जिसके जरिए शहर में क्राइम फ्री वातावरण बन सकेगा।