कुकड़ेश्वर। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम मनासा के नेतृत्व में कुकड़ेश्वर में खाद्य सुरक्षा को लेकर व्यापक कार्यवाही की गई। इस दौरान साईं कृपा किराना बस स्टैंड, श्री गणेश किराना बस स्टैंड, पोरवाल किराना बस स्टैंड, होटल असली गुरु चेला बस स्टैंड, श्रीदेव दूध डेयरी मैन रोड, और गुरुकृपा स्वीट्स बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया।
चेकिंग के दौरान प्राथमिक जांच में पाए गए 39 खाद्य पदार्थ-
चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से कुल 39 खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की गई। श्रीदेव दूध डेयरी मैन रोड से मिश्रित दूध लूज, गुरुकृपा स्वीट्स बस स्टैंड से मावा बर्फी लूज, श्री गणेश किराना स्टोर से डेयरी बेस्ट घी और कमल गोल्ड बेसन के पैक्ड नमूने तथा पोरवाल किराना स्टोर से सोना ब्रांड हल्दी पाउडर और तेजा मिर्ची के पैकेट के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल और इंदौर लैबोरेटरी भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 10 सिलेंडर जब्त-
कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी मानसा द्वारा की गई कार्यवाही में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी सख्ती बरती गई। साईं कृपा रेस्टोरेंट से 1 सिलेंडर, बालाजी एंड कोल्डड्रिंक रेस्टोरेंट से 2, गुर्जर चायवाला रेस्टोरेंट से 1, अशोक किराना स्टोर से 1, शिव कृपा होटल से 2, हिमांशी पान और चाय सेंटर से 1, और श्री देव दूध डेयरी से 2 सिलेंडर जब्त किए गए। कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पाए जाने पर उन्हें जब्त किया गया। दीपावली त्योहार को देखते हुए इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।