भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने 10 महीने बाद अपनी कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद सूची को लेकर प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है। सत्ताधारी बीजेपी ने कार्यकारिणी के बहाने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर सियासी निशाना साधा है। बीजेपी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने सोशल मीडिया एक्स (एक्स) पर पोस्ट कर सियासी हमला बोला है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- बमुश्किल मान मनौव्वल के बाद कार्यकारिणी की सूची आखिरकार जारी हो ही गई, लेकिन सूची जारी होने के बाद घमासान होना तय है। सूची को देखकर ही समझा जा सकता है कि जीतू पटवारी की कलाकारी इसमें सामने आयी है। सूची में अरुण यादव के भाई सचिन यादव का नाम है, कांतिलाल भूरिया के बेटे विक्रांत का नाम है, दिग्विजय सिंह के बेटे का भी नाम शामिल है लेकिन कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ का नाम नहीं है। जीतू पटवारी ने यहां नाथ से बैर दिखाया है। इसी तरह सूची में कई वरिष्ठ लोगों का कद घटा दिया गया है।