नीमच। शहर के दशहरा मैदान में त्योहारी बाजार धीरे-धीरे अपने शबाब पर पहुंच रहा है। यहां बीती रात अचानक कलेक्टर हिमांशु चंद्रा अपने परिवार के साथ खरीददारी करने पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी हर्षिता चंद्रा और बेटी भी थी। कलेक्टर कुछ देर तक त्यौहारी बाजार में अस्थाई दुकानदारों से सामान्य ढंग से खरीदारी करते रहे। उन्होंने मिट्टी के दिए,मिट्टी के खिलौने और दीपावली से जुड़ी अन्य सामग्रियां खरीदी। दुकानदारों से सामानों का मोलभाव पूछा। तब तक लोगों की समझ में ही नहीं आया कि यह कलेक्टर साहब है। इस दौरान सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ ने दुकानदारों से कहा कि जानते हो,आप कौन है?यह कलेक्टर साहब है। कलेक्टर को अपने बीच पाकर दुकानदारों ने खुशी का इजहार किया। कलेक्टर ने खरीदारी के साथ-साथ बाजार का गहनता से निरीक्षण भी किया। कलेक्टर और उनकी पत्नी ने कहा कि त्योहारी बाजार को लेकर अस्थाई दुकानदारों के लिए दशहरा मैदान में की गई व्यवस्था बहुत शानदार है। यह बहुत सुंदर है। सभी को एक जगह सारी वस्तुएं उपलब्ध हो जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील के दशहरा मैदान में छोटे दुकानदारों से खरीदारी करें। हर्षिता चंद्रा ने कहा कि दीपावली की शॉपिंग के लिए इससे बेहतर जगह कहीं हो ही नहीं सकती।लोकल फोर वोकल को प्रोत्साहित करें। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि दुकानदारों को बेहतर व्यवस्था मुहैया कराने की हर संभव कोशिश की जाएगी। प्रकाश की व्यवस्था में और सुधार किया जाएगा। पानी के लिए भी इंतजाम किए जाएंगे।