भोपाल। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने खाद को लेकर मध्य प्रदेश सरकार पर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि एमपी में सिर्फ उपचुनाव वाले स्थानों पर खाद पहुंचना बाकी के किसानों के साथ धोखा है। जयराम ने कहा कि चुनावी लाभ और वोट के लिए वे किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं।
कांग्रेस के महासचिव व वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने मध्य प्रदेश में खाद को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश में सिर्फ़ उपचुनाव वाले स्थानों पर खाद का पहुंचना बाकी प्रदेश के किसानों के साथ धोखा है। खाद की जरूरत हर जगह समान रूप से होती है लेकिन बाकी हिस्सों में ज़रूरत का 5 प्रतिशत डीएपी भी नहीं पहुंच रहा है। चुनावी लाभ के लिए इस तरह से खाद की आपूर्ति करवाना भाजपा सरकार की बेशर्मी को दिखाता है। इससे साफ होता है कि वोट के लिए वे किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं।
प्रदेशभर के किसान रात रात भर डीएपी के लिए कतारें लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन दो विधानसभा सीटों बुधनी (सीहोर) और विजयपुर (श्योपुर) में उपचुनाव है, वहां भरपूर डीएपी है। लेकिन इनसे सटे जिलों के किसान चक्कर काट रहे है। इस पर एमपी के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना ने कहा कि ऐसा नहीं है। जहां उपचुनाव नहीं है, वहां भी डीएपी पहुंच रही है।