छतरपुर। शिवसेना जिला इकाई ने रविवार को शहर के निजी होटल में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर एक प्रेस कान्फ्रेंस की। जिसमें शिवसेना के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 5 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरण यात्रा निकालेगी। जिसका उद्देश्य जातिवाद और छुआछूत को खत्म कर हिंदुओं को एकजुट करना है, साथ ही गोचर भूमि की जानकारी लेकर उन्हें मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा और लोगों की समस्याओं को सुनकर उनकी बातों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
बीजेपी नेताओं पर पुलिस-प्रशासन पर दबाव बनाने का आरोप
पत्रकारों को संबोधित करते हुए शिवसेना प्रमुख मुन्ना तिवारी ने कहा कि कि छतरपुर जिले में लगातार क्राइम बढ़ रहा है। भाजपा नेता पुलिस और प्रशासन को खुलकर काम नहीं करने दे रहे हैं। कुछ दिन पहले खुद बीजेपी सांसद और विधायकों ने इस बात की पुष्टि की थी कि बीजेपी नेता गुंडे-बदमाशों को संरक्षण दे रहे हैं। साथ ही पुलिस और प्रशासन पर दबाब बनाकर उनको छुड़ाने का प्रयास करते है।
इसके साथ ही छतरपुर जिले खाद की काला बाजारी चरम सीमा पर है, लेकिन प्रशासन मौन साधना में लीन है। इसको लेकर शिवसेना बहुत जल्द वेयर हाउस पर प्रशासन को जानकारी देकर छापा मारेगी। साथ ही बिजली विभाग की चल रही तानाशाही और अवैध बिजली कटौती को लेकर शिवसेना एक मांग पत्र सौंपेगी। 15 दिवस का समय दिया जाएगा साथ ही गौशाला को लेकर एक मांग पत्र कलेक्टर को सौंपा जाएगा।
ईसानगर क्षेत्र से शुरू होकर टटम गांव में होगा समापन
युवा सेना के जिला अध्यक्ष नितेश तिवारी ने बताया कि 5 से लेकर 20 अक्टूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरण यात्रा निकल जा रही है। भाजपा सरकार में क्षेत्र में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है, नेता गुंडों को संरक्षण दे रहे है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में कालाबाजारी, भ्रष्टाचार, गौ हत्या, गोचर भूमि पर कब किसानों की खाद की समस्या, बिजली की समस्या, ऐसी अनेक समस्याएं ग्रामीण क्षेत्रों में है। जिसको लेकर हम लोग जन जागरण यात्रा निकाल रहे हैं। उसके बाद हम लोग बहुत बड़ी सभा और रैली निकालेंगे। हम लोग इसका प्रारंभ ईसानगर क्षेत्र से करेंगे। वहीं, इसका समापन टटम गांव के पास चरण पादुका में करेंगे।
रविवार को आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में शिवसेना जिला प्रमुख मुन्ना तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण विहारी गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अजय साहू, सुनील दुबे, युवा सेना अध्यक्ष नीतेश तिवारी, प्रभारी विशेष दुबे, नगर प्रमुख युवा सेना लोकेन्द्र मिश्रा,भुमानी दीन बंसल, राजेश कुमार वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।