दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया में दतिया कलेक्टर संदीप माकिन एवं पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार मिश्रा के निर्देशन में दतिया जिले के उनाव क्षेत्र से निकली पहूज नदी पर रविवार को खनिज विभाग और उनाव थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। टीम ने नदी से रेत उत्खनन कर रही एक पनडुब्बी को जब्त कर आग के हवाले कर उसे नष्ट कर दिया। वहीं भनक लगते ही रेत माफिया नदी में पनडुब्बी छोड़कर मौके से भाग निकले, खनिज अधिकारी ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि पहूज नदी में माफिया पनडुब्बी चलाकर रेत का अवैध तरीके से उत्खनन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही खनिज अधिकारी रमेश पटेल के साथ एक टीम बनाकर मौके पर कार्रवाई करने पहुंचे तो वहां नदी में एक पनडुब्बी उत्खनन में संलिप्त मिली। टीम ने स्थल पर ही पनडुब्बी में आग लगाकर उसे नष्ट किया है।उक्त कार्रवाई में खनिज अधिकारी रमेश पटेल और उनाव थाना प्रभारी भास्कर शर्मा सहित खनिज विभाग और पुलिस टीम मौजूद रहीं।