नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का नीमच दौरा लगभग तय हो गया है। प्रदेश के मुखिया यादव कल 29 अक्टूबर को नीमच आएंगे। वे नीमच में आयोजित मेडिकल कॉलेज के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। धनतेरस के पावन उपलक्ष्य में जिलेवासियों को मेडिकल कॉलेज की सौगात देंगे। जिला व पुलिस प्रशासन भी सीएम के दौरे को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है। सीएम के कार्यक्रम की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई है।
पीएम मोदी दिल्ली से करेंगे वर्चुअली उद्घाटन-
उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों का वर्चुअल उद्घाटन करने जा रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव नीमच के वीरेंद्र कुमार सकलेचा मेडिकल कॉलेज में प्रधानमंत्री के वर्चुअल कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। सीएम के साथ कई और वीआईपी के आने की भी संभावना है।
सुबह 09.45 बजे भोपाल से होंगे रवाना-
नीमच जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कल 29 अक्टूबर को प्रातः 9.45 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा प्रस्थान कर प्रातः 10.30 बजे नीमच हवाई पट्टी पर आगमन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नीमच में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के बाद प्रातः 11.25 बजे नीमच से वायुयान द्वारा मंदसौर के लिए प्रस्थान करेंगे।
कलेक्टर-एसपी ने किया निरीक्षण-
सीएम का नीमच दौरा तय होते ही कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और एसपी अंकित जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। कलेक्टर व एसपी ने मेडिकल कॉलेज के कॉन्फ्रेंस हॉल, हेलीपेड, यातायात पार्किंग, प्रवेश द्वार स्टेज आदि के संबंध में व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों से चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।