भोपाल। मध्यप्रदेश में जीतू पटवारी की नई टीम घोषित होने के बाद इसे लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा है। इस बीच पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह का नेतृत्व पर गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन नेताओं की वजह से कांग्रेस की ये दुर्दशा हुई है, उनके कहने पर कार्यकारिणी बनाई गई। पार्टी को खत्म करने वाले कार्यकारिणी बनाएंगे तो भगवान मालिक है।
अजय सिंह ने दावा किया कि जिसने कांग्रेस को बर्बाद किया, आने वाले समय में उसके नाम का खुलासा करूंगा। 20 साल हो गए, अभी भी उन्हीं लोगों के कहने पर निर्णय हो रहे हैं, यह दुर्भाग्य है। आने वाले समय में आलाकमान से भी इसे लेकर चर्चा करूंगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से स्वरूप बना है यह उचित नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जिन नेताओं की वजह से मध्य प्रदेश की हालत है, उनकी आज भी चल रही हो तो क्या कहूं? 10 महीने बाद भी ख्याल नहीं रखा तो दुर्भाग्य है। हमारे अंचल के साथ कांग्रेस की सोच सही नहीं है। रीवा, सीधी, सिंगरौली से कहीं कोई नहीं है। उदाहरण के लिए सिर्फ एक दो नाम शामिल है।बीजेपी में गए नेताओं के समर्थकों को कार्यकारिणी में जगह देने के सवाल पर अजय सिंह ने कहा कि यही तो दुर्भाग्य की बात है।