नीमच। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरेंद्र कुमार सकलेचा मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन समारोह के अवसर नीमच पहुंचे। यहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर नव प्रवेशित विद्यार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम स्थल के मंच पर वे 11.30 बजे पहुंचे। 11.35 पर उद्बोधन शुरू किया और 11.45 पर रवाना हो गए।
डॉ. मोहन यादव ने करोड़ों की लागत से निर्मित 150 सीटर मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण समारोह में नीमच की समृद्ध चिकित्सा में एक अध्याय मेडिकल कॉलेज के रूप में जुड़ जाने के लिए सभी को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को महत्वपूर्ण सौगात के रूप में नीमच से झालावाड़ फोरलेन की घोषणा करते हुए दी। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि नीमच जिले में औषधि फसलें बहुत अधिक मात्रा में होती है। अब यहां औद्योगिक विकास को अधिक मजबूती देने के लिए निवेश हेतु पतंजलि नीमच के लिए चयन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा के कुशल प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की।
डॉ मोहन यादव ने कहा कि वैसे तो यहां भादवा माता के पानी से ही अधिकांश मरीज ठीक हो जाते हैं हमारे लिए भादवा माता श्रद्धा का बहुत बड़ा केंद्र है। डॉ मोहन यादव ने उम्मीद जताई कि नीमच के मेडिकल कॉलेज से तैयार होने वाले डॉक्टर प्रदेश देश और दुनिया में अपना नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि एशिया से लुप्त होने वाला चीते जल्द ही गांधी सागर में दिखाई देंगे। डॉ. मोहन यादव के आने से पहले उज्जैन और अन्य जगह से आने वाले कलाकारों ने लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, राजेंद्र शुक्ला, प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद सुधीर गुप्ता, पूर्व कैबिनेट मंत्री और जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक माधव मारु, नगर पालिका स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष शारदा धनगर, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एसपी अंकित जायसवाल, एडीएम लक्ष्मी गामड़, भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार, महेंद्र भटनागर, निलेश पाटीदार, संगठन के पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।