चित्तौड़गढ़। धनतेरस से प्रारंभ पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की रौनक जिला मुख्यालय सहित जिले में दिखाई देने लगी है। यद्यपि दीपोत्सव के प्रारंभ होने से शुरुआती दौर में बाजार में चहल पहल कम रही लेकिन त्योहार के नजदीक आते ही बाजारों में खासी भीड़ दिखाई दी। व्यापारियों के चेहरे पर चमक एवं उम्मीद की लहर साफ तौर पर दिखाई दे रही है। दीपावली के त्यौहार के चलते बाजार में सजी हुई दुकानों में मिठाइयों, लच्छा डोरी, इलेक्ट्रिकल आइटम्स, रंगोली, फल और फूल मालाओं,पूजन सामग्री, दीपक, मटके एवं रंगोली आदि प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही।
आमजन भी खुशी खुशी बाजार की तरफ रुख करते हुए छोटी से बड़ी खरीदारी करने के लिए उत्सुक दिखाई दे रहा है एवं अपने अपने परिजनों के साथ बच्चे भी रंगोली एवं गृह सज्जा के सामान खरीद कर अपने अपने घरों को वापस सजाने में लग गए हैं। चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर दीपावली पर्व के चलते जहां नगर परिषद द्वारा प्रमुख बाजारों सहित कलेक्ट्रेट और प्रमुख मार्गों व चौराहों पर विद्युत सज्जा की तैयारियां शुरू कर दी है।
रंग बिरंगी विद्युत सज्जा, रोशनी की गई है, जिसको देखने के लिए भी लोग बाजार में निकल रहे हैं।
पांच दिवसीय दीपोत्सव के प्रथम दिन धनतेरस के मौके पर समूचे शहर में उमडी भीड से बाजार में धनवर्षा होने से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वर्ण रजत आभूषण, बर्तन, नये वस्त्र, सजावटी सामान, घरेलु उपयोग की सामग्री, विभिन्न प्रकार के वाहन, इलेक्ट्रोनिक सामान, मिठाईयां, पटाखे, आतिशबाजी खरीदने में रूचि ली जिसके फलस्वरूप व्यापारियों में भी उत्साह देखा गया। शहर के सुभाष चोक, गोलप्याउ सहित लगभग सभी बाजारो में लोगों की रेलमपेल के चलते काफी भीड रही। इस दौरान पुलिस की ओर से भीड भरे क्षेत्रो में वाहनो की आवाजाही रोक लगाने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर भी पैनी निगाह रखी जा रही है।
इधर शुद्ध अभियान के तहत प्रशासन भी सचेत एवं मुस्तैद नजर आ रहा है। मिलावटखोरी के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है। मिठाई इत्यादि खाद्य पदार्थों के नमूनों का संग्रहण किया जा रहा है। शहर में जिला पुलिस प्रशासन द्वारा दीपावली के त्यौहार को देखते हुए यातायात की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है जिससे कि त्योहार पर रोशनी देखने आने जाने वाले एवं खरीददारी करने वाले आमजन को परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
सोने चांदी के भाव में तेजी के बावजूद ज्वेलरी व्यवसाय पर भी ग्राहकों का रुझान
चित्तौड़गढ़ दीपोत्सव पर्व को लेकर धीरे-धीरे बाजार में ग्राहकों का रुख बढ़ने के साथ ही ज्वेलरी व्यवसाय पर भी ग्राहकों का रुझान देखा जा रहा है। शहर की ख्यातनाम ज्वेलर्स फॉर्म कृष्णा जेम्स एंड ज्वेलर्स पर धनतेरस को सुबह से ही ग्राहकी का दौर शुरू हो गया। संचालक पुष्कर सोनी ने बताया कि हमारे यहां धनतेरस पर्व पर 99, 97, 92.50 प्रतिशत शुद्धता में हॉलमार्क के साथ सुंदर आकर्षक मूर्तियां, बर्तन, पूजा सामग्री, 92.50 प्रतिशत शुद्ध चांदी में इटालियन एवम टेंपल ज्वैलरी एवम गिफ्ट आर्टिकल्स की स्कीम के प्रति आकर्षण है।
चंद्र प्रकाश सोनी बताते हैं कि इस वर्ष चांदी व सोने के भावों में भारी तेजी होने के बावजूद आज धनतेरस से खरीदी के प्रति ग्राहकों में खूब उत्साह देखा गया। शुद्ध चांदी में निर्मित उपहार आर्टिकल्स सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर द्वारा प्रमाणित 999 शुद्धता के लक्ष्मी गणपति जी के सिक्के, शुद्ध चांदी में निर्मित सुंदर आकर्षक एंटीक पायल, एंटीक जेवर खरीद में भी रुची देखी जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस बार धनतेरस से दीपावली की चहल-पहल और अच्छी ग्राहकी शुरू हो गई है। आगामी दिनों में शादी ब्याह के शुभ मुहूर्त के लिए भी ग्राहक विश्वसनीयता के चलते जेवर की अग्रिम बुकिंग करवा रहे हैं।