नीमच। शहर की दीनदयाल वाटिका स्थित तालाब की पाल पर आज छठ पूजा के आखिरी दिन प्रातः काल से ही श्रद्धालुओं के एकत्रित होने का तांता लग गया। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पानी में खड़े होकर सूर्य देव को फल, सब्जी और खाने की सामग्री अर्पित की। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और बिहार के परिजन बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। भईया सेवा समिति ग्वालटोली के अनिल कुशवाहा ने बताया कि चार दिवसीय छठ पूजा उत्सव के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
उन्होंने बताया कि छठ पर्व एक खास धार्मिक अवसर है। इस पर्व के दौरान महिलाएं न केवल उपवासी रहकर सूर्य देवता की पूजा करती है,बल्कि एक विशेष परंपरा के तहत नाक तक नारंगी सिंदूर भी लगाती है। यह पर्व खास तौर पर सूर्य देवता और उर्वरा के सम्मान में मनाया जाता है। नीमच में छठ पूजा के अवसर पर जलाशय में उतरकर श्रद्धालुओं द्वारा सूर्य देवता को अर्घ्य देकर स्वास्थ्य समृद्धि और सुख शांति की कामना की गई।