खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में पेट्रोल पंप पर नगद रुपए देकर पेट्रोल व डीजल भरवा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। शहर में एक पेट्रोल पंप पर कुछ ऐसा होने जा रहा है जो सबको हैरत में डाल देगा। पेट्रोल पंप पुरी तरह से कैशलेस 15 नवंबर से कर दिया जाएगा। यहां केवल ऑनलाइन पेमेंट ही स्वीकार किया जाएगा।
सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस लाइन में संचालित यह पुलिस कल्याण पेट्रोल पंप है। पुलिस विभाग द्वारा संचालित इस पेट्रोल पंप से पेट्रोल व डीजल की अच्छी खासी बिक्री है। प्रतिदिन 5 लाख से अधिक का ईंधन बिक जाता है। इस पेट्रोल की खास बात यह है कि यह पुलिस अधिकारी ही संचालित करते हैं। पुलिस अधिकारी की निगरानी में पेट्रोल व डीजल की बिक्री होती है। ऐसे में लोगों में पुलिस के पेट्रोल पंप पर अधिक भरोसा हैं। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग अपने वाहनों में डीजल व पेट्रोल भरवाने आते हैं।
एवरेज अच्छा मिलने की बात कहीं जाती है। अब तक पेट्रोल पंप से रुपयों का लेनदेन हो रहा है। यहां पेट्रोल व डीजल भरवाने पर पेमेंट ऑनलाइन करने के साथ ही रुपए भी लिए जाते हैं। लेकिन अब यहां नगद लेन-देन बंद करने का आदेश आया है। नगद लेनदेन 15 नवंबर से ही बंद कर पीओएस, क्यूआर कोड, फोन पे सहित अन्य ऑनलाइन साधनों से ही रुपए लेने का आदेश हैं। भोपाल मुख्यालय से आए इस आदेश के बाद से पेट्रोल पंप को कैशलेस करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।
प्रदेश भर में पुलिस विभाग के पेट्रोल पंप हैं। इसका संचालन पुलिस कल्याण के माध्यम से होता है। कई पेट्रोल पंपों पर गबन की घटनाएं सामने आई थी। जिसका फॉरेंसिक ऑडिट कराया गया था। इसमें गबन का एक कारण इकाइयों द्वारा नगर लेन-देन करना व संव्यहार का लेखा जोखा का संधारण न करना पाया गया था। इसको देखते हुए पेट्रोल पंपों को केश लेस किया गया है।
हेडक्वार्टर डीएसपी अनिल चौहान ने बताया कि 15 नवंबर से नगद लेने-देन बंद किया जा रहा है। केबल बहुत विशेष मामले में ही नगद भुगतान स्वीकार किया जाएगा। इसका पुरा लेखा जोखा रजिस्टर में लिखना होगा। पेट्रोल पंप प्रभारी रोजाना इसकी समीक्षा करेंगे।