शहडोल। शिक्षक के साथ 40 लाख की ठगी का सनसनीखेज मामला आया है। बैंक कर्मचारी बताकर पहले शिक्षक का विश्वास जीता फिर उनके घर पर आकर पहले चाय की मांग की। जब शिक्षक चाय बनाकर लेने जाता तो ठग उनके मोबाइल से अकाउंट से अपने दोस्त के खाते में पैसा ट्रांसफर कर लेता। वर्ष 2022 से अब तक ठगों ने शिक्षक से 40 लाख की ठगी कर ली। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
सोहागपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 3 गढ़ी के पास रहने वाले वाले महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल के प्रधानाध्यापक गुलाब हलवाई की पहचान बैंक कर्मी ज्योति मिश्रा से हुई। कुछ दिन बाद ज्योति अपने एक बैंक कर्मचारी साथी वरुण मिश्रा के साथ उनके घर आकर एक आवश्यक दस्तावेज लेकर निजी बैंक का खाता खोलकर चली गई। इस दौरान खुद को बैंक का कर्मचारी बताने वाला वरुण मिश्रा शिक्षक का विश्वास जीत कर अक्सर उनके घर आने जाने लगा। शिक्षक की पत्नी का आनलाइन एफडी कराने के नाम पर उनका मोबाइल लेकर एएफ कर दिया और एटीएम चेक ले लिया। अक्सर घर आकर पहले चाय की डिमांड करता जब शिक्षक चाय लेने जाते तो उनके मोबाइल से रीवा के रहने वाले अमित गौतम नामक दोस्त के अकाउंट में पैसा ट्रांसफर कर मोबाइल पर आए मैसेज को डिलीट कर देता। ऐसा कर लगभग 40 लाख रुपयों की ठग कर ली।