मुरैना। जिले की सुमावली विधानसभा क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव में 15 दिन से बिजली गायब है और किसान सिंचाई के पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो शनिवार को ग्रामीण मुख्यालय पर स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे, लेकिन कोई भी अधिकारी नहीं मिला। तब एक सुपरवाइजर द्वारा अधिकारी से बातचीत कर ग्रामीणों को सोमवार तक समस्या का निराकरण करने की बात कही।
सुमावली विधानसभा क्षेत्र के नूरपुर गाँव, हथियरा गाँव, राजघाट का पुरा, रमेश का पुरा, राजेंद्र का पुरा, भरत सिंह का पुरा, भूरे सिंह का पुरा, बाबू का पुरा, पीतम का पुरा, हकीम का पुरा सहित अन्य गांवो से आई दो दर्जन ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 अक्टूबर से उनके गांव की बिजली गायब है। इसका मुख्य कारण यह है कि उनके गांव में बडोना हवेली की लाइन आई है, जो रेलवे लाइन के नीचे से केवल निकली हुई है। उनके गांव को मैना वसई फीडर से जोड़ दिया गया है जो काफी बड़ा क्षेत्र है और जो तार वहां लगे हुए हैं, अधिक लोड हो जाने के कारण उस क्षेत्र के ग्रामीण तार हटा देते हैं जिससे उनके गांव की सप्लाई बंद हो जाती है, इस कारण से पिछले 15 दिन से उक्त गांव के ग्रामीण बिजली के लिए परेशान है। इस समय सरसों और गेहूं की बुवाई का काम चल रहा है और पानी की आवश्यकता है, लेकिन कई बार विद्युत विभाग को शिकायत करने के बाद समस्या का निराकरण नहीं हुआ। परेशान ग्रामीण रविवार को पुराना बस स्टैंड स्थित विद्युत कार्यालय पर पहुंचे और वहां नारेबाजी करने लगे। शनिवार होने के कारण आज अवकाश था, जिस कारण कोई अधिकारी नहीं मिला जिसके बाद एक सुपरवाइजर श्री गुप्ता से ग्रामीणों ने अपनी बात रखी और उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर ग्रामीणों को सोमवार तक समस्या का निराकरण करने की बात कही, जिसके बाद ग्रामीण वापस चले गए। शिकायत करने आए ग्रामीणों में ओमप्रकाश, सोनू यादव, दीपक यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।