मंदसौर। कलेक्टर अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी ग्राम पंचायत के साथ-साथ बस स्टैंड पर भी आयुष्मान कैंप लगाए तथा 70 प्लस व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाएं। कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्ड के लाभ से वंचित न रहे। सभी का आयुष्मान कार्ड बनाएं। जितने भी सीएससी सेंटर है सभी के बीएलई को सक्रिय करें। परिवहन विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि सभी बसों में आयुष्मान कार्ड बनाने का क्यूआर कोड लगाए। जिससे बुजुर्ग व्यक्ति क्यूआर कोड स्कैन करके अपना स्वयं का आयुष्मान कार्ड बना सके। धरती आभा जनजाति उत्कृष्ट अभियान 15 नवंबर से 26 नवंबर तक चलेगा। इसके अंतर्गत वंचित व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रदान करें। इसके लिए आदिम जाति कल्याण विभाग आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करें। सोयाबीन खरीदी का कार्य सतत् रूप से चलता रहे। सोयाबीन खरीदी के पश्चात परिवहन का कार्य समय पर पूर्ण करें। समिति स्तर पर खरीदी के सभी सामान पर्याप्त मात्रा में रहे। खरीदी को लेकर किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत राजेश कुमार जैन, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद थे।