भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव ने साइबर क्राइम को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस साइबर क्राइम रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं उन्होंने डिजिटल अरेस्ट हुए विवेक ओबेराय से फोन पर बातचीत की। इस दौरान विवेक ने सरकार और पुलिस का आभार जताया है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल के डिपो चौराहा स्थित साइबर सेल ऑफिस पहुंचे। जहां उन्होंने साइबर फ्रॉड को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कई अहम जानकारी दी। सीएम ने बताया कि एमपी पुलिस साइबर क्राइम रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। 10 नवंबर को विवेक ओबेरॉय नाम के शख्स को डिजिटल अरेस्ट किया गया। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, उन्होंने तुरंत मामले में कार्रवाई की।
सीएम ने कहा कि ठगों की हिम्मत देखिए असली पुलिस से आईडी कार्ड मांग रहे थे। मध्यप्रदेश पुलिस पर हमें गर्व है उन्होंने डिजिटल अरेस्ट से लोगों को बचाया। देश की पहली घटना जब कोई डिजिटल अरेस्ट हुआ हो और लाइव बचाया गया हो। डिजिटल ठगी रोकने के लिए हमने पूरे मध्य प्रदेश में साइबर थाना खुलने का फैसला लिया है।
वहीं मुख्यमंत्री ने डिजिटल अरेस्ट से बचाये गए विवेक ओबेरॉय से फोन पर चर्चा की है। विवेक ओबेरॉय ने मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस का धन्यवाद किया है। विवेक ने कहा कि उस वक्त भगवान बनकर पुलिस मेरे पास पहुंची थी।