खरगोन। शहर सीमा से लगी सोनीपुरा पंचायत के नवाबपुरा के रहवासी इन दिनों मूलभूत और बुनियादी सुविधाओं से वंचित होकर परेशान हो रहे है। पंचायत में बार- बार गुहार लगाने के बाद भी स्ट्रीट लाईट, नाली, साफ- सफाई जैसी सुविधाएं नही मिलने से नाराज रहवासी मंगलवार को जनसुनवाई पहुंचे। यहां कलेक्टर को शिकायती आवेदन सौंपकर ग्राम में बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की।
कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि नवाबपुरा में ज्यादातर लोग मजदूर पेशा है। बस्ती में नाली निर्माण नही होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़को पर जमा हो रहा है, जिससे आम रास्ते पर किचड़ होने के साथ ही मच्छरों की भरमार हो गई है। इतना ही नही स्ट्रीट लाईट नही होने से रात के समय आवाजाही में भी परेशानी होती है। पेयजल का पानी भी गंदा और बदबुदार सप्लाय किया जा रहा है, जिससे रहवासी बीमार हो रहे है। पंचायत को शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नही दिया जा रहा, नतीजतन रहवासी नारकीय जीवन जिने को मजबुर है। ग्रामीणों ने मांग की है कि ग्राम में स्ट्रीट लाईट, नाली निर्माण और साफ- सफाई की व्यवस्था की जाए।