इंदौर। देव उठनी ग्यारस पर पूरे शहर में आतिशबाजी और बाजारों में फैली गंदगी को सफाई मित्रों ने दोपहर होने के पहले ही पूरे शहर साफ कर दिया। निगम के सफाई मित्रों की टीम ने सुबह 6 की जगह दो घंटे पहले ही मोर्चा संभाल लिया। इसके चलते समय से पहले ही शहर का अधिकांश हिस्सा साफ हो गया।
सफाई मित्रों के साथ निगम आयुक्त शिवम वर्मा और सभी अधिकारी भी फील्ड में उतरे। अफसरों ने राजवाड़ा, बीआरटीएस, खजराना चौराहा, राजीव गांधी चौराहा, नंदा नगर, विजय नगर इलाकों का दौरा किया।
वर्मा को जहां गंदगी दिखाई दी, वहां सफाई को लेकर निर्देश दिए। आतिशबाजी के कारण हुए प्रदूषण को रोकने के लिए पानी का छिड़काव भी किया गया। निगमायुक्त ने कहा जहां भी प्रदूषण अधिक हो रहा है, वहां इस तरह से पानी का छिड़काव नियमित किया जा रहा है।
आयुक्त के निर्देश पर निगम के समस्त अपर आयुक्त, विभाग प्रमुख, स्वास्थ्य अधिकारी, सीएसआई, दरोगा, और सफाई मित्र दोपहर तक इंतजाम में जुटे रहे।