भोपाल। मध्य प्रदेश के बुधनी विधानसभा सीट में प्रत्याशी चुनने के लिए वोटिंग जारी है। मतदान के बीच शाहगंज में राजनीतिक विवाद हो गया। 2 चार पहिया वाहन पर हमला हो गया। कुछ अज्ञात बदमाशों ने गाड़ियों के कांच फोड़ दिए और जमकर मारपीट भी की। पोलिंग बूथ से कुछ मीटर दूरी की यह घटना है।
सूत्रों के मुताबिक, यह हमला कांग्रेस समर्थकों पर हुआ है। बताया जा रहा है कि सभी मतदान की प्रक्रिया संपन्न करवाने में जुटे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने सरेराह आतंक मचाया और मारपीट कर फरार हो गए। इस मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारी कुछ भी कहने से इनकार कर रहे हैं।
बता दें कि आज एमपी की सबसे हॉट सीट बुधनी में भाजपा के रमाकांत भार्गव और कांग्रेस के राजकुमार पटेल के बीच मुकाबला है। इस बीच इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।