चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश महेन्द्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार 14 दिसम्बर 2024 को आयोजित होने वाली इस वर्ष की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु आज न्यायालय परिसर चित्तौड़गढ स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल की अध्यक्षता में किया गया।
सचिव सुनील कुमार गोयल ने उपस्थित सदस्यों को मोटर व्हीकल के चालान से संबंधित मामलों को आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित करवाने हेतु निर्देशित किया तथा अधिक से अधिक प्रकरणों को चिन्हित कर लोक अदालत में राजीनामे से निस्तारित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने प्री-लिटिगेशन मामलों को लोक अदालत में रखवाकर निस्तारित करने हेतु निर्देश प्रदान किए ताकि अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कर न्याय को शीघ्र एवं सुलभ बनाया जा सके। बैठक में विनोद कुमार बैरवा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या 02, संतोष कुमार बैरवा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, इन्दर सिंह मीणा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 01 एवं सिद्धार्थ साधु अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 02 उपस्थित रहे। जानकारी देते हुए सचिव सुनील कुमार गोयल ने बताया कि इस वर्ष की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 14 दिसंबर को किया जायेगा। जिसमें न्यायालयों में लम्बित एवं प्री लिटीगेशन प्रकरणों का इस लोक अदालत के माध्यम से निस्तारण किया जायेगा। अतः समस्त पक्षकार इस लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को रखवाकर लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठावें।